पीएम मोदी बोले- देश नकारात्मकता को स्वीकार करने को तैयार नहीं, हिंदुस्तान में अब इसरो स्पिरिट

पीएम मोदी ने लोकसभा चुनाव में भाजपा को सभी दस सीटें जिताने के लिए लोगों का आभार जताया। कहा कि आज के युग में 55-60 प्रतिशत वोट पाना अपनेआप में जनविश्वास का प्रतीक है।


रोहतक- प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी भारत माता की जय के नारेे के साथ अपने भाषण की शुरुआत की। उन्होंने कहा कि वह ऐसे समय में यहां आए हैं जब उनकी सरकार के सौ दिन हो रहे हैं। जनता के समर्थन से ही सरकार बड़े फैसले ले पाई है। बैंकिंग व्यवस्था को मजबूत करने के लिए महत्वपूर्ण फैसले लिए गए हैं। सौ दिनों में संसद के सत्र में जितने बिल पास हुए उतना आज तक पिछले साठ साल में नहीं हुए थे। बीते सौ दिन में देश और दुनिया ने देखा है कि भारत अब हर चुनौती को चुनौती देता है। फिर चाहे जम्मू-कश्मीर व लद्दाख का मामला हो या गंभीर होता जल संकट।

पीएम ने कहा कि सात सितंबर को रात एक बजकर 50 मिनट पर पूरा देश टीवी पर नजरें गाड़कर बैठा था। चंद्रयान-दो की खुशखबरी के लिए देश-दुनिया देख रही थी। बाद के सौ सेकेंड में मैंने एक और साक्षात्कार किया। एक घटना ने पूरे देश को सौ सेकेंड में जगा दिया। पूरे हिंदुस्तान को जोड़ दिया। अब हिंदुस्तान में इसरो स्पिरिट है। देश नकारात्मकता को स्वीकार करने को तैयार नहीं है। देश पुरुषार्थ की पूजा करता है। देशवासियों का बदला मिजाज बहुत बड़ी पूंजी है। 100 सेकेंड में हिंदुस्तान ने दिखा दिया कि जिस देश में संकल्पों के साथ जीने की ताकत होती है, वह इसरो स्प्रिट होता है। हम भाग्यवान हैं कि देश में ऐसी ऊर्जा है।

पीएम लोकसभा चुनाव में भाजपा को सभी दस सीटें जिताने के लिए हरियाणा के लोगों का आभार जताया। कहा कि राजनीति केे आज के युग में 55-60 प्रतिशत वोट पाना अपनेआप में जनविश्वास व जन जाग्रति का अनमोल उदाहरण है। इसके लिए वह हरियाणा के लोगों का धन्यवाद करते हैं।  पीएम ने कहा कि उन्हें तीसरी बार रोहतक में आने का मौका मिला है। कहा कि वह एक बार फिर समर्थन मांगने के लिए आए हैं। 

इससे पहले, मोदी का यहां पहुंचने पर कार्यकर्ताओं ने मोदी-मोदी व जय श्री राम के जयघोष के साथ पीएम का स्वागत किया। सभी मंत्रियों ने पीएम को फूलों की माला पहनाकर स्वागत किया। प्रधानमंत्री ने रोहतक में रिमोट के जरिये किया करीब डेढ़ दर्जन विकास परियोजनाओं का लोकार्पण व शिलान्यास भी किया। पीएम ने कहा कि पांच साल में हरियाणा को भाजपा की केंद्र और राज्य सरकार के डबल इंजन का पूरा लाभ मिला है। केंद्र की मदद से हरियाणा में 25 हजार के बड़े प्रोजेक्ट पर काम चल रहा है।

मोदी ने कहा कि उनकी यात्रा के पीछे दो बड़े मकसद हैं। पहला नई परियोजनाओं का उपहार देना और दूसरा मनोहर लाल जी को मिल रहे आशीर्वाद का साक्षी बनने का। कहा कि इस यात्रा से साफ हो गया है कि हरियाणा के लोगों का आशीर्वाद मनोहर लाल जी के साथ रहेगा। पीएम ने कहा कि पांच साल पहले मनोहर लाल जी के बारे में भांति-भांति की बातें सुनाई देती थी, लेकिन आज उनके सुशासन से हरियाणा का हर परिवार मनोहर बन गया है। अब हरियाणा के लोग कंफ्यूज हो रहे हैं। कोई मनोहर बोलते हैं तो कोई नमोहर। लेकिन, दोनों नाम एक ही हैं। विकास के रास्तेे  सेवा करते हुए जनविश्वास मिलता है। आज की सभा उस जनविश्वास पर मोहर लगा रही है।पिछले पांच वर्षों में केंद्र व राज्य सरकार के डेवलपमेंट का राज्य के लोगों को पूरा लाभ मिल रहा है। अभी हरियाणा में 25 हजार करोड़ के प्रोजेक्ट पर काम चल रहा है।

पीएम ने कहा कि लोकसभा चुनावों ने भाजपा को दिशा दी, समर्थन दिया, नई ऊर्जा दी। जो भरोसा मुझ पर और भाजपा पर जताया, उसके लिए फिर एक बार विनम्रता के साथ आपके सामने शीश झुकाता हूं। हरियाणा से मुझे सीख और संस्कार मिले। मैं हरियाणा में ऐसे समय में आया हूं जब केंद्र सरकार के 100 दिन हो रहे हैं। कुछ लोगों को समझ ही नहीं आ रहा। चुनाव परिणाम से इतने बेहाल हैं कि मन सुन्न हो गया है उनका। परिवर्तन के रहे सौ दिन। बड़े निर्णय के रहे, जनसंकल्प के रहे, जनसिद्धियों के रहे सौ दिन। इसका श्रेय सभी 130 करोड़ भारतवासियों को जाता है।

पीएम ने कहा कि बीते सौ दिन में आतंकवाद से निपटने, मुस्लिम भाइयों की सुरक्षा और स्वास्थ्य क्षेत्र में नए-नए नियम बनाए गए। आर्थिक क्षेत्र में कई बड़े फैसले हुए। अभी तो यह शुरुआत है। आने वाले दिनों में और बड़े फैसले लिए जाएंगे। संसद के पिछले सत्र में जितने बिल पास हुए, जितना काम हुआ, उतना पिछले साठ साल में नहीं हुआ। देर रात तक संसद में वाद-विवाद, नए-नए कानूनों पर चर्चा की। रिकॉर्ड कार्यों के लिए सभी दलों को धन्यवाद देता हूं।

दशकों पूर्व की चुनौती हो या भविष्य की चुनौती, भारत हर चुनौती को चुनौती देता है। जम्मू-कश्मीर या लद्दाख का मामला हो या गंभीर होता जल संकट, 130 करोड़ों लोगों ने समाधान तलाशने शुरू कर दिए हैं। हरियाणा में सात लाख से अधिक गरीब परिवारों को गैस कनेक्शन का लाभ मिला है। पीएम सम्मान निधि का लाभ हर किसान परिवार को दिलाएंगे। देशभर के किसानों के खातों में 21 हजार करोड़ और हरियाणा के किसानों के खाते में 425 करोड़ रुपये जमा हो चुके हैं। हरियाणा में हर महीने में तीन हजार रुपये बुढ़ापा पेंशन की योजना शुरू हो चुकी है। 33 हजार से अधिक हरियाणा के हैं। छोटे कारोबारियों और व्यापारियों के लिए पेंशन जल्द शुरू होगी।

प्रधानमंत्री ने कहा कि रोहतक में फूड पार्क से सात हजार लोगों को रोजगार मिलेगा। साल 2024 तक देश के हर घर तक पानी पहुंचेगा। पानी को बचाने और घर-घर पहुंचाने के लिए साढ़े तीन लाख करोड़ रुपये खर्च किए जाएंगे। पीएम ने कहा कि पहले हरियाणा में मुख्यमंत्री वही बनता था जो दिल्ली में बैठी सरकार के लिए ट्रक भरकर लोग ले जाते थे। प्रधानमंत्री के घर के आगे बैठकर ढोल पीटते थे। हमारे पांच साल में एक भी ट्रक लोगोंं को ले जाने का काम आज न तो हरियाणा की सरकार को करना पड़ा और न मुख्यमंत्री को। सरकार ने कार्य संस्कृति बदली।

इससे पूर्व, मुख्यमंत्री मनोहर लाल की जन आशीर्वाद यात्रा रैली स्थल पर पहुंची। सीएम ने यह यात्रा 18 अगस्त को कालका से शुरू की थी, जो आज रोहतक में पीएम की रैली के साथ संपन्न हो रही है। रैली को संबोधित करते हुए मुख्यमंत्री ने कहा कि वह प्रदेशभर से आशीर्वाद यात्रा करके लौटे हैं। वह इस दौरान गांव-गांव, शहर-शहर गए। इस दौरान लोगों का अपार समर्थन मिला। भाजपा अपने विजय लक्ष्य की ओर आगे बढ़ रही है। उन्होंने यहां से यात्रा को सफल बनाने में पार्टी कार्यकर्ताओं का आभार जताया।

Related posts

Leave a Comment