खबर का असर: स्कूल की छत का प्लास्टर गिरने से मचे हड़कंप के बाद प्रशासन सख्त, प्रधानपाठक को नोटिस जारी

लोरमी। वनांचल क्षेत्र के प्राथमिक शाला तिलाइडबरा में घटित दुखद घटना के बाद अब प्रशासन हरकत में नजर आ रहा है। जर्जर स्कूल भवन की छत का प्लास्टर गिरने से घायल हुए तीन मासूम बच्चों के मामले को गंभीरता से लेते हुए शिक्षा विभाग ने कड़ी कार्यवाही शुरू कर दी है। इस हादसे ने जहां एक ओर जर्जर स्कूलों की सुरक्षा पर बड़े सवाल खड़े किए थे, वहीं अब प्रशासनिक सक्रियता के चलते स्कूल के प्रधानपाठक को कारण बताओ नोटिस जारी किया गया है।

हादसे की जानकारी मिलते ही विकासखंड शिक्षा अधिकारी (बीईओ) ने तत्काल स्कूल का दौरा किया और स्थिति का जायजा लिया। बीईओ ने बच्चों के घर जाकर उनसे मुलाकात की और उनके स्वास्थ्य का हाल जाना। अधिकारियों ने बच्चों के परिजनों को हर संभव सहायता और बेहतर इलाज का आश्वासन दिया है। विभाग द्वारा जारी नोटिस में स्कूल प्रबंधन से जर्जर भवन की स्थिति और सुरक्षा मानकों की अनदेखी को लेकर जवाब मांगा गया है। इस कार्यवाही के बाद से क्षेत्र के अन्य जर्जर स्कूलों के प्रबंधन में भी हड़कंप मचा हुआ है। स्थानीय ग्रामीणों और अभिभावकों का कहना है कि यह कार्यवाही केवल कागजों तक सीमित नहीं रहनी चाहिए, बल्कि जल्द से जल्द भवन की मरम्मत कर बच्चों के लिए सुरक्षित वातावरण सुनिश्चित किया जाना चाहिए।

Related posts

Leave a Comment