बिलासपुर- हिंदू नव वर्ष को लेकर जबरदस्त उत्साह देखा जा रहा है। मर्यादा पुरुषोत्तम प्रभु श्री राम के जन्मोत्सव और नव संवत्सर के स्वागत के लिए शहर पूरी तरह तैयार है। प्रति वर्ष की भांति इस वर्ष भी आयोजन समिति के सदस्य तैयारियों को अंतिम रूप देने के लिए लगातार बैठकें कर रहे हैं। गौरतलब है कि इस भव्य आयोजन का यह 12वां वर्ष है और समय के साथ इसकी भव्यता और व्यापकता लगातार बढ़ती ही जा रही है।
आयोजन समिति से प्राप्त जानकारी के अनुसार, इस बार पूरे शहर को भगवामय करने की योजना है। शहर के तमाम मुख्य मार्गों और चौराहों को आकर्षक ढंग से सजाया जाएगा। इसमें विशेष रूप से सत्यम चौक, अग्रसेन चौक, श्रीकांत वर्मा मार्ग तिराहा, सीएमडी चौक, तारबहार चौक, पीजीबीटी कॉलेज चौक और शिव टाकीज चौक शामिल हैं। इसके साथ ही गांधी चौक, नागों राव स्कूल चौक, हटरी चौक, बाउली कुआं चौक, सिविल लाइन, गोल बाजार, सराफा लाइन, संतोष भुवन और देवकी नंदन चौक को भी भव्य रूप दिया जाएगा। तिलक नगर स्थित हनुमान मंदिर को विशेष रूप से सजाया जा रहा है, जो श्रद्धा का मुख्य केंद्र होगा।

इस महोत्सव का मुख्य आकर्षण पुलिस ग्राउंड से निकलने वाली विशाल शोभायात्रा होगी। यह शोभायात्रा शहर के विभिन्न प्रमुख मार्गों से होते हुए तिलक नगर हनुमान मंदिर पहुंचेगी, जहां भव्य महा आरती और महा प्रसाद वितरण के साथ कार्यक्रम का समापन होगा। इस वर्ष की शोभायात्रा को खास बनाने के लिए भारत के विभिन्न शहरों से विशेष झांकियां मंगाई जा रही हैं। पारंपरिक ढोल-ताशा और अन्य वाद्ययंत्रों की गूंज से पूरा शहर गुंजायमान रहेगा।
इस आयोजन की खास बात यह है कि इसमें शहर के साथ-साथ आसपास के ग्रामीण क्षेत्रों से भी युवाओं की टोलियां अपनी-अपनी ताशा पार्टियों के साथ शामिल होंगी। शोभायात्रा के स्वागत के लिए विभिन्न समाजों के प्रतिनिधियों ने जगह-जगह मंच लगाने का निर्णय लिया है। इस भव्य आयोजन को सफल बनाने में जनप्रतिनिधियों, व्यापारियों और आमजन का विशेष सहयोग मिल रहा है। साथ ही, शहर की व्यवस्था और सुरक्षा बनाए रखने के लिए जिला एवं पुलिस प्रशासन भी मुस्तैद नजर आ रहा है।
