लोरमी की 50 निर्धन महिलाएं करेंगी रतनपुर महामाया के दर्शन, श्रीराम सेवा समिति की अनूठी पहल

लोरमी। चैत्र नवरात्रि के पावन अवसर पर आस्था, श्रद्धा और सामाजिक समरसता की एक अनूठी मिसाल पेश करते हुए लोरमी की सामाजिक संस्था श्रीराम सेवा समिति द्वारा आगामी 22 मार्च को निःशुल्क तीर्थयात्रा का आयोजन किया जा रहा है। इस यात्रा के माध्यम से शहर की उन 50 महिलाओं को रतनपुर स्थित माँ महामाया के दर्शन कराए जाएंगे, जो दूसरों के घरों में बर्तन साफ करने या मजदूरी का कार्य कर अपना जीवन यापन करती हैं। इसके साथ ही समिति ने आर्थिक रूप से कमजोर परिवारों के लोगों को भी इस भक्तिमय यात्रा में शामिल करने का निर्णय लिया है।

समिति के मुखिया मुकेश जायसवाल ‘मोदी’ ने जानकारी देते हुए बताया कि संस्था द्वारा पूर्व में भी भोरमदेव, मैहर और रतनपुर की निःशुल्क यात्राएं कराई जा चुकी हैं, किंतु इस बार चैत्र नवरात्रि के विशेष अवसर पर यह आयोजन लोरमी विधायक और छत्तीसगढ़ के उपमुख्यमंत्री अरुण साव के विशेष सहयोग से संभव हो पाया है। समिति ने इस पुनीत कार्य में मिल रहे मार्गदर्शन के लिए उपमुख्यमंत्री का आभार व्यक्त किया है।

इस तीर्थयात्रा की तैयारियां जोरों पर हैं और महिलाओं का पंजीयन 15 मार्च से ही शुरू कर दिया गया था। निर्धारित कार्यक्रम के अनुसार 22 मार्च को गुरुद्वारा चौक के पास स्थित दक्षिणमुखी हनुमान जी के मंदिर में विशेष आरती के पश्चात यह यात्रा रतनपुर के लिए रवाना होगी। इस पूरे आयोजन को सफल बनाने के लिए दुर्गेश, मनीष, अजय, सावन, कवि, पंकज, भोलाराम, राजेंद्र, विनोद, गायत्री, विक्की, छत्रपाल, समर सहित टीम के अन्य कार्यकर्ता निरंतर अपनी सेवाएं दे रहे हैं।

Related posts

Leave a Comment