बिलासपुर। छत्तीसगढ़ के बिलासपुर जिले में भ्रष्टाचार के खिलाफ जीरो टॉलरेंस की नीति के तहत एंटी करप्शन ब्यूरो (ACB) ने एक बड़ी कार्रवाई को अंजाम दिया है। अचानकमार टाइगर रिजर्व (ATR) में तैनात एक रेंजर और डिप्टी रेंजर को 50 हजार रुपये की रिश्वत लेते हुए रंगे हाथों गिरफ्तार किया गया है। इस कार्रवाई के बाद से वन विभाग के गलियारों में हड़कंप मच गया है।

मिली जानकारी के अनुसार, यह पूरा मामला एक युवक द्वारा सोशल मीडिया के लिए रील (Reel) बनाने से जुड़ा है। बताया जा रहा है कि टाइगर रिजर्व क्षेत्र में नियम विरुद्ध रील बनाने के कारण युवक के खिलाफ मामला बना था। इसी फायरिंग मामले में जल्द चालान पेश करने और जब्त किए गए वाहन को वापस छोड़ने के एवज में वन विभाग के इन अधिकारियों ने रिश्वत की मांग की थी।

शिकायतकर्ता ने इस अवैध मांग की जानकारी बिलासपुर एसीबी टीम को दी। शिकायत की पुष्टि होने के बाद एसीबी ने जाल बिछाया। योजना के मुताबिक, जैसे ही रेंजर और डिप्टी रेंजर ने रिश्वत की पहली किस्त के रूप में 50 हजार रुपये स्वीकार किए, पहले से घात लगाकर बैठी एसीबी की टीम ने उन्हें रंगे हाथों पकड़ लिया।
अधिकारियों ने आरोपियों के पास से रिश्वत की राशि बरामद कर ली है और उनके हाथों को केमिकल से धुलवाया गया, जिससे रिश्वत लेने की पुष्टि हुई। फिलहाल दोनों अधिकारियों के खिलाफ भ्रष्टाचार निवारण अधिनियम के तहत मामला दर्ज कर आगे की वैधानिक कार्रवाई की जा रही है। एसीबी की इस त्वरित कार्रवाई की क्षेत्र में काफी चर्चा हो रही है।
