बिलासपुर – पुलिस ने शहर और आसपास के जिलों में बढ़ती दुपहिया वाहन चोरी की वारदातों पर अंकुश लगाते हुए एक बड़ी सफलता हासिल की है। उप पुलिस महानिरीक्षक एवं वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक (SSP) श्री रजनेश सिंह (IPS) के मार्गदर्शन में चलाए जा रहे ‘प्रहार’ अभियान के तहत पुलिस ने बाइक चोरों और उनके खरीदारों के एक संगठित नेटवर्क को ध्वस्त कर दिया है।
इस कार्यवाही में पुलिस ने कुल 7 आरोपियों को गिरफ्तार किया है, जिनमें 4 मुख्य चोर और 3 चोरी की गाड़ियां खरीदने वाले शामिल हैं। इनके कब्जे से 6 मोटर सायकल बरामद की गई हैं, जिनकी कुल कीमत लगभग 2 लाख रुपये आंकी गई है।
300 CCTV कैमरों ने खोला राज
शहर में लगातार हो रही चोरियों को गंभीरता से लेते हुए ए.सी.सी.यू. (ACCU) बिलासपुर की टीम को सक्रिय किया गया था। टीम ने घटनास्थल और शहर के विभिन्न रास्तों पर लगे 300 से अधिक सीसीटीवी फुटेज खंगाले। तकनीकी विश्लेषण और मुखबिरों से मिली सटीक सूचना के आधार पर संदिग्धों की पहचान मस्तूरी क्षेत्र के ग्राम बेदपरसदा निवासी साहिल मरावी के रूप में हुई।
हिरासत में लेकर कड़ाई से पूछताछ करने पर साहिल ने अपने अन्य साथियों के साथ मिलकर बिलासपुर, जांजगीर-चांपा और दुर्ग जिले से बाइक चोरी करना स्वीकार किया।

इन जिलों के मामलों का हुआ खुलासा
पुलिस की इस कार्यवाही से कुल 6 थानों के अपराध सुलझाए गए हैं:
- बिलासपुर: थाना सिटी कोतवाली, सिविल लाइन और सरकंडा क्षेत्र से चोरी हुई 4 गाड़ियां बरामद।
- जांजगीर-चांपा: सिटी कोतवाली क्षेत्र से चोरी हुई एक हीरो स्प्लेंडर बरामद।
- दुर्ग: थाना मोहन नगर क्षेत्र से चोरी हुई एक होंडा सी.बी. शाइन (कीमत 65,000 रु) बरामद।
गिरफ्तार आरोपियों का विवरण
मुख्य चोर:
- साहिल मरावी (19 वर्ष) – बेदपरसदा, मस्तूरी।
- रितेश सेन (19 वर्ष) – भनपुरी, रायपुर।
- निलेश शुक्ला उर्फ राजा (28 वर्ष) – बेदपरसदा, मस्तूरी।
- हिमांशु जगत (20 वर्ष) – बेदपरसदा, मस्तूरी।
खरीददार: रघुनंदन (24 वर्ष), नन्दकुमार रजक (26 वर्ष) और सोनू केंवट (24 वर्ष), सभी निवासी मस्तूरीl
पुलिस टीम को मिला इनाम
इस महत्वपूर्ण सफलता में ए.सी.सी.यू. प्रभारी निरीक्षक तोप सिंह नवरंग, उप निरीक्षक हेमंत आदित्य, कमलेश बंजारे और उनकी पूरी टीम की विशेष भूमिका रही। एसएसपी श्री रजनेश सिंह ने टीम की कार्यकुशलता की सराहना करते हुए पूरी टीम के लिए नकद पुरस्कार की घोषणा की है।
