लोरमी। छत्तीसगढ़ के मुंगेली जिले के अंतर्गत आने वाले लोरमी विधानसभा क्षेत्र में कांग्रेस पार्टी अपनी जड़ों को मजबूत करने और कार्यकर्ताओं में नई ऊर्जा फूंकने के लिए एक बड़े संवाद कार्यक्रम का आयोजन करने जा रही है। ‘कांग्रेसजनों का जुड़ाव और संवाद’ नाम से आयोजित होने वाला यह कार्यक्रम कल, 6 अप्रैल 2026 को दोपहर 12 बजे डिंडौरी में आयोजित किया जाएगा। इस महत्वपूर्ण आयोजन में प्रदेश के पूर्व उपमुख्यमंत्री टीएस सिंहदेव और भारतीय राष्ट्रीय कांग्रेस के राष्ट्रीय सचिव व भिलाई नगर विधायक देवेंद्र यादव विशेष रूप से उपस्थित रहेंगे।

यह कार्यक्रम स्थानीय स्तर पर कांग्रेस संगठन को सक्रिय करने और आगामी रणनीतियों पर चर्चा करने के उद्देश्य से रखा गया है।

कार्यक्रम के आयोजक और जनपद पंचायत लोरमी के सभापति विद्यानंद चंद्राकर ने बताया कि इस दौरान वरिष्ठ नेता जमीनी स्तर के कार्यकर्ताओं से सीधा संवाद करेंगे और उनकी समस्याओं व सुझावों को सुनेंगे। आयोजन को लेकर विधानसभा क्षेत्र के कांग्रेस कार्यकर्ताओं में खासा उत्साह देखा जा रहा है और भारी संख्या में लोगों के जुटने की संभावना है। सभापति विद्यानंद चंद्राकर ने क्षेत्र के सभी कांग्रेसजनों और पदाधिकारियों से इस संवाद कार्यक्रम में शामिल होकर संगठन को और अधिक सशक्त बनाने की अपील की है।
