दुर्ग। जिले के समोदा गांव में भाजपा किसान मोर्चा के नेता के खेत में अफीम की अवैध खेती मिलने के बाद सियासी पारा चढ़ गया है। 6 मार्च को पुलिस द्वारा की गई छापेमारी में करीब चार से पाँच एकड़ जमीन पर अफीम के पौधे पाए गए थे, जिसके बाद पूर्व मुख्यमंत्री भूपेश बघेल भी मौके पर पहुंचे थे। इस मामले में अब भारतीय जनता पार्टी ने बड़ी अनुशासनात्मक कार्रवाई की है।

भारतीय जनता पार्टी, छत्तीसगढ़ प्रदेश कार्यालय द्वारा जारी एक आधिकारिक आदेश के अनुसार, विनायक ताम्रकर (प्रदेश संयोजक, राईस मिल प्रसंस्करण प्रकल्प, किसान मोर्चा, जिला-दुर्ग) को पार्टी से निलंबित कर दिया गया है। पार्टी के प्रदेश अध्यक्ष किरण सिंह देव के निर्देश पर जारी इस पत्र में स्पष्ट किया गया है कि विनायक ताम्रकर के आचरण और कृत्य से पार्टी की छवि धूमिल हुई है और उनका यह कार्य घोर अनुशासनहीनता की श्रेणी में आता है। यह निलंबन आदेश तत्काल प्रभाव से लागू कर दिया गया है।

हालांकि भाजपा नेताओं ने पहले यह दलील दी थी कि खेत अधिया (बटाई) पर दिया गया था और उन्हें इस खेती की जानकारी नहीं थी, लेकिन पार्टी ने जीरो टॉलरेंस की नीति अपनाते हुए अपने नेता पर गाज गिरा दी है। फिलहाल पुलिस मौके पर जांच कर रही है और पूरे इलाके में सुरक्षा के मद्देनजर भारी बल तैनात है।
