गंगा की पूजा कर प्रियंका की प्रयागराज से बनारस की तीन दिवसीय यात्रा शुरू

प्रयागराज । कांग्रेस महासचिव और पूर्वी उत्तर प्रदेश की प्रभारी प्रियंका गांधी वाड्रा ने सोमवार को प्रयागराज में लेटे हनुमान के दर्शन किए और विधिविधान से गंगा की आरती तथा पूजा की। इसके बाद क्रूज बोट से उनकी प्रयागराज से बनारस की तीन दिवसीय यात्रा आरंभ हुई।

इसके पहले दर्शन और पूजा के बाद उनका काफिला शहर से करीब 20 किमी दूर मनैया घाट पहुंचा जहां उन्होंने स्थानीय लोगों का अभिवादन किया और अपनी इस यात्रा के लिए क्रूज बोट पर सवार हो गईं। क्रूज बोट पर इलाहाबाद विश्वविद्यालय के कुछ छात्र छात्राएं और कांग्रेस के कुछ नेता मौजूद थे।

प्रियंका गांधी वाड्रा का कार्यक्रम मनैया घाट से दुमदुमा घाट जाने का है जहां पर वह स्थानीय नेताओं और लोगों से मिलेंगी। वहां से वह सिरसा घाट और फिर सीतामढ़ी घाट जाएंगी।

सिरसा घाट और फिर सीतामढ़ी घाट में लोगों और स्थानीय नेताओं से मिलने के बाद प्रियंका विंध्याचल जाएंगी। प्रियंका गांधी वाड्रा की प्रयागराज से बनारस की यह तीन दिवसीय यात्रा 20 मार्च को बनारस में संपन्न होगी।

देश के राजनीतिक नक्शे में खास जगह रखने वाले उत्तर प्रदेश में, लोकसभा चुनाव के मद्देनजर प्रियंका की यह यात्रा महत्वपूर्ण मानी जा रही है।

Related posts

Leave a Comment