विष्णु देव साय का शपथ ग्रहण समारोह आज, PM मोदी और अमित शाह सहित इन राज्यों के CM भी होंगे शामिल

रायपुर: भारतीय जनता पार्टी ने छत्तीसगढ़ में विष्णु देव साय को सीएम बनाने का ऐलान कर दिया है। विष्णु देव साय कनकुरी सीट से विधायक हैं। वहीं आज यानी 13 दिसंबर को विष्णु देव साय मुख्यमंत्री पद की शपथ लेंगे। उनके शपथ ग्रहण समारोह में पीएम मोदी और गृहमंत्री अमित शाह सहित भाजपा के कई बड़े नेता शामिल होंगे। विष्णु देव साय का शपथ ग्रहण समारोह पुलिस परेड ग्राउंड में होगा। इसे लेकर पुलिस परेड ग्राउंड में तैयारियां भी शुरू कर दी गई हैं। बीजेपी की पहली सरकार ने भी पुलिस परेड ग्राउंड में शपथ दिलाई गई थी। बता दें कि विधायक दल की बैठक में भाजपा के पूर्व प्रदेशाध्यक्ष के नाम पर नवनिर्वाचित विधायकों ने सर्वसम्मति से मुहर लगाई थी। विष्णु देव साय छत्तीसगढ़ में आदिवासी समाज का बड़ा चेहरा माने जाते हैं।

शपथ ग्रहण समारोह में शामिल होंगे पीएम मोदी

विष्णु देव साय के शपथ ग्रहण में शामिल होने के लिए जिन लोगों को बुलाया गया है, उनके नाम भी सामने आ गए हैं। उनके इस शपथ ग्रहण समारोह में प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी, केंद्रीय गृहमंत्री अमित शाह, बीजेपी के राष्ट्रीय अध्यक्ष जेपी नड्डा, रक्षामंत्री राजनाथ सिंह, केंद्रीय परिवहन मंत्री नितिन गडकरी शामिल होंगे। वहीं केंद्रीय राज्यमंत्री रामदास अठावले, केंद्रीय स्वास्थ्य मंत्री मनसुख माण्डविया, केंद्रीय राज्यमंत्री बिसेश्वर तुडू को भी बुलाया गया है। इसके अलावा यूपी के मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ, असम के मुख्यमंत्री हिमंता बिस्वा सरमा, गोवा के मुख्यमंत्री प्रमोद सावंत, हरियाणा के सीएम मनोहर लाल खट्टर, मध्यप्रदेश के मुख्यमंत्री मोहन यादव भी शामिल होंगे। वहीं महाराष्ट्र के उपमुख्यमंत्री देवेंद्र फडणवीस, राज्यमंत्री संजीव कुमार गोड़ और छत्तीसगढ़ के भाजपा प्रदेश प्रभारी ओम माथुर भी शपथ ग्रहण समारोह में शामिल होंगे। इसके साथ ही विष्णु देव साय ने बीजेपी के सभी जिलाध्यक्षों, शक्ति केंद्र प्रभारी और बूथ अध्यक्षों को भी शपथ ग्रहण समारोह में रायपुर बुलाया है।

Related posts

Leave a Comment